गुरुवार, 24 सितंबर 2009

इस ख़तरनाक समय में



ज्ञानरंजन के इस्तीफे और अन्य विवादों को लेकर प्रगतिशील लेखक संघ के राष्ट्रीय महासचिव का प्रो. कमला प्रसाद का बयान


भोपाल 23 सितंबर, 2009 विगत कुछ दिनों प्रकाशित पत्रिकाओं-समाचार पत्रों के कुछ लेखों तथा हमारे सम्मानित लेखक ज्ञानरंजन की टिप्पणियों ने प्रलेस से संबंधित सांगठनिक स्तर पर कुछ सवाल पैदा किए हैं। प्रगतिशील लेखक संघ का महासचिव होने के नाते मेरी ज़िम्मेदारी बनती है कि उठाए गए सवालों के बारे में वस्तुस्थिति स्पष्ट करूं। सवाल हैं कि प्रमोद वर्मा संस्था्न द्वारा आयोजित ‘प्रमोद वर्मा स्मृति समारोह’ में प्रलेस की भागीदारी क्यों हुई? प्रगतिशील वसुधा ने गोविंद वल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान से फोर्ड फाउण्डे्शन की राशि से प्रदत्त कबीर चेतना पुरस्कार चुपके-चुपके क्यों ले लिया?

पहले प्रमोद वर्मा स्मृति समारोह के बारे में बातें करें। इस आयोजन में जलेस-प्रलेस और जसम के अलावा अन्य महत्वपूर्ण लेखकों को आमंत्रित किया गया था। संस्थान की ओर से भेजे गए पहले निमंत्रण पत्र में वे नाम थे जिन्हें आमंत्रण भेजा गया था। दूसरे और आखिरी निमंत्रण पत्र में वे नाम थे जिन्होंने आने की स्वीकृति दी थी। पूछने पर ज्ञात हुआ कि जिनकी स्वीकृति नहीं मिली उन्हें छोड़ दिया गया। जहां तक प्रमोद वर्मा का सवाल है, वे मार्क्सवादी और मुक्तिबोध, परसाई के साथी थे। वे प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष मण्डल में रहे हैं। छत्तीसगढ़ उनकी कर्मभूमि रही, इसलिए बहुत से लेखकों से उनके वैचारिक पारिवारिक रिश्ते थे। विश्वरंजन तब उसी क्षेत्र में पदस्थ होने के कारण प्रमोद जी की मित्र मण्ड्ली में थे। प्रमोद वर्मा स्मृति संस्थान बना-तो उसमें रूचि से वे सहयोगी बने। छत्तीसगढ़ के अनेक लेखकों के साथ आजकल वे इसके अध्यक्ष हैं। निर्णय का अधिकार अकेले उन्हें ही नहीं है। पृष्ठभूमि के रूप में इसे जानना जरूरी है। इस कार्यक्रम की घोषणा हुई तो मैंने छत्तीसगढ़ प्रलेस के साथियों से पूछा कि क्या स्थिति है? छत्तीसगढ़ के साथियों ने सलाह दी कि प्रमोद वर्मा पर कार्यक्रम प्रमोद वर्मा स्मृति संस्थान की ओर से है। सरकारी अनुदान नहीं है, इसलिए आना चाहिए। स्वीकृति देने वाले लेखकों में मैंने अनेक वैचारिक साथियों और संगठनों में शामिल लेखकों के नाम देखे तो जाना तय किया। समारोह में आने वालों में छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण लेखकों के अलावा खगेंद्र ठाकुर, अशोक वाजपेयी, चंद्रकांत देवताले, शिवकुमार मिश्र, कृष्ण मोहन, प्रभाकर श्रोत्रिय जैसे नाम थे। कृष्ण मोहन और श्री भगवान सिंह को आलोचना पुरस्कार भी दिया गया था। अच्छी बात यह हुई कि प्रमोद वर्मा समग्र का प्रकाशन हुआ।

कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री और कुछ नेताओं के आने तथा विवादास्पद वक्तव्य देने पर वहां आए लेखकों में व्यापक प्रतिक्रिया हुई, और इनका आक्रामक उत्तर लोगों ने अपने-अपने वक्तव्यों में दिया। पूरे आयोजन में प्रमोद वर्मा की विचारधारा ‘मार्क्सवाद’ बहस का आधार बनी रही। इसी दौरान कहीं से चर्चा में सुनाई पड़ा कि एक मित्र लेखक ने ‘पब्लिक एजेण्डा' में विश्वरंजन अर्थात डी.जी.पी.छत्तीसगढ़ के सलवा जुडुम के समर्थन और नक्सलपंथियों के विरोध में छपे इंटरव्यू को मुद्दा बनाकर कार्यक्रम में शामिल होना स्थगित किया है। उस समय तक लोगों ने ‘पब्लिक एजेण्डा’ का इंटरव्यू नहीं देखा था। इसके अलावा, सीधे भाजपा शासित सरकारी कार्यक्रम न होने के कारण लोग इसमें आए थे। उन्हें पहले से पता था कि सलवा जुडुम भाजपा सरकार के एजेण्डे में है। आमंत्रित लेखकों ने प्रमोद वर्मा स्मृति के पूरे आयोजन को लेकर कुछ आपत्तियां दर्ज कराईं। संस्थान के साथियों को परामर्श दिया गया कि इसे हमेशा सत्ता के प्रमाण से अलग रखा जाए।

छत्तीसगढ़ के जलेस-प्रलेस के साथियों तथा वामपंथी राजनीतिक दलों ने लगातार सलवा जुडुम के मसले पर सरकार का विरोध किया है। डॉ. विनायक सेन की गिरफ्तारी के बाद उनकी रिहाई के लिए हुए आंदोलन में ये सभी लेखक शामिल रहे हैं। लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में यह प्रमुख मुद्दा था। याद रखना होगा कि अपनी-अपनी तरह से हत्यारी नीतियां छत्तीसगढ की ही नहीं अन्य भाजपा शासित राज्यों की भी हैं। मध्य‍प्रदेश में पिछले छह वर्षों में अल्पसंख्यकों पर सैंकड़ों अत्याचार और हत्याएं हुईं हैं। प्रलेस के लेखकों ने यहां लगातार सरकारी कार्यक्रमों का समय-समय पर विरोध और यथासमय बहिष्कार किया है। एक सूची प्रकाशित की जानी चाहिए कि मध्यप्रदेश में और इन सारे प्रदेशों के सरकारी कार्यक्रमों में किनकी-किनकी कहां-कहां भागीदारी रही है। मैं नहीं मानता कि गैर सरकारी प्रमोद वर्मा स्मृति समारोह में शामिल होने मात्र से लेखकों का हत्यारों के पक्ष में खड़ा होना कहा जाएगा।

साथियों की ओर से उठाया गया अन्य सवाल वसुधा के फोर्ड फाउण्डेशन की राशि से कबीर चेतना पुरस्कार लेने का है। मैं यह स्पष्ट कर दूं कि संस्था़न से स्पष्ट जानकारी के बाद कि यह पुरस्कांर राशि संस्थान की ओर से है फोर्ड फाउण्डेशन की ओर से नहीं, संपादकों ने चुपके-चुपके नहीं, एक समारोह में यह पुरस्कार प्राप्त किया है। लोग जानते हैं कि गोविंद वल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान इलाहाबाद केंद्रीय विश्वंविद्यालय का एक प्रभाग है। दलित संसाधन केंद्र उसकी एक इकाई है। दलित संसाधन केंद्र की ओर से विगत कई वर्षों से दलितों की स्थितियों पर अध्ययन होता रहा है। संस्थान द्वारा दलितों के बारे में दस्तावेजीकरण के अलावा इलाहाबाद तथा भोपाल जैसे अन्य शहरों में केंद्र की संगोष्ठियां हुईं हैं। मुझे याद नहीं पड़ता कि हिंदी का कौन-सा महत्वपूर्ण लेखक है जो इन कार्यक्रमों में नहीं गया और मानदेय स्वीकार नहीं किया। जहां तक कबीर चेतना पुरस्कार की बात है, पहले हंस और तद्भव ने ये पुरस्कार लिए हैं। इनके संपादक भी संगठनों के हिस्से हैं। प्रगतिशील वसुधा लगातार दलित साहित्य प्रकाशित करती रही है। एक विशेषांक भी प्रकाशित हुआ था, इसलिए निर्णायकों ने इस पत्रिका की पात्रता तय की है। प्रलेस से सीधी जुड़ी होने के कारण प्रगतिशील वसुधा का ऑडिटेड आय-व्यय खुले पन्नों में है। कभी भी देखा जा सकता है।

दोनों सवालों का तथ्यात्मक ब्यौरा पेश करने के बाद मेरा कहना है कि आज की परिस्थितियों में जिस तरह सांप्रदायिक शक्तियों का जाल देश में फैल रहा है, समूची मानवीय संस्कृति का बाज़ारीकरण हो रहा है, मूल्यों को तहस-नहस करने की साजिश है, उस समय अपने-अपने संगठन को अधिक क्रांतिकारी अथवा व्यक्तिगत रूप से स्वयं को अति-शुद्ध सिद्ध करने की कोशिश सांस्कृतिक आंदोलन की एकजुटता खण्डित करेगी। मर्यादाएं टूटने के बाद आंदोलन छूट जाएगा और लोग व्यक्तिगत हमलों पर उतर आएंगे। माना कि अब लेखकों के संगठन प्रेमचंद कालीन नहीं हैं, हो भी नहीं सकते। पर आज की परिस्थितियों में जो संभव है, हो रहा है। जरूरत पड़ने पर इनका जुझारू रूप देखा जा सकता है। इनके बिना सामाजिक-सांस्कृतिक प्रश्नों पर आवश्‍यक सामूहिक पहल की कल्पना असंभव होगी। विरोधी शक्तियां इन्हें तोड़ना चाहती हैं। कदाचित इनके विघटन की प्रक्रिया शुरू हो गई तो वह दिन खतरनाक होगा।

रविवार, 9 अगस्त 2009

भिलाई में प्रेमचन्द जयंती का आयोजन


प्रगतिशील लेखक संघ दुर्ग-भिलाई के वरिष्ठ कवियों और लेखको की उपस्थिति में बी.एस.पी. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 8 भिलाई में 31 जुलाई 2009 को प्रेमचन्द जयंती के अवसर पर प्रेमचन्द की कहानी "पूस की रात " पर चर्चा रखी गई .प्राचार्य बी.आर.देशलहरा ने आमंत्रित साहित्यकारों का स्वागत करते हुए प्रेमचन्द के साहित्य के महत्व पर प्रकाश डाला तथा छात्रा वीणा ने प्रेमचन्द का जीवन परिचय प्रस्तुत किया . छात्र शशांक ने कहानी "पूस की रात " का पाठ किया .वरिष्ठ कवि रवि श्रीवास्तव ने शाला की साहित्य परिषद का उद्घाटन करते हुए कहा कि पूस की रात में भारतीय किसानों की जिस स्थिति का वर्णन किया गया है वह आज भी यथावत है .कवि एवं समालोचक तथा सन्यंत्र के राजभाषा प्रमुख अशोक सिंघई ने कहा कि प्रेमचन्द अपनी कहानी में मानवीय सम्वेदना और सहज सम्प्रेषण के लिये याद किये जायेंगे .प्रलेस के अध्यक्ष तथा कथाकार लोकबाबू ने कहा कि पूस की रात भारतीय किसान की किसानी छूटने तथा उसके मज़दूर बनने कि नियति कथा है . हिन्दी के प्रमुख युवा कवि शरद कोकास ने 'वागर्थ' में प्रकाशित प्रेमचन्द की आत्मकथा से उनके शालेय जीवन का विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रेमचन्द की कथाओं मे आम आदमी ही नायक है .युवा शायर मुमताज़ ने कहा कि यह अच्छी बात है कि प्रेमचन्द की परम्परा में आज भी लेखन हो रहा है किंतु वह अपनी गरिष्ठता या कलात्मकता के मोहजाल मे असम्प्रेषणीय हो गया है.परिचर्चा के उपरांत श्रीमती संतोष झांजी,अशोक सिंघई,शरद कोकास. सचिव परमेश्वर वैषणव,विमल कुमार झा तथा मुमताज द्वारा काव्य-पाठ किया गया.शाला के वरिष्ठ व्याख्याता एल.डी.जोशी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया ।

प्रस्तुति-शरद कोकास ,दुर्ग

मंगलवार, 28 जुलाई 2009

दो दिवसीय प्रेमचंद जयंती समारोह जयपुर में


जवाहर कला केन्द्र एवं राजस्थान प्रगतिशील लेखक संघ के संयुक्त तत्वावधान में ३१ जुलाई और १ अगस्त, २००९ को दो दिवसीय प्रेमचंद जयंती समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रसिद्द कवि नरेश सक्सेना मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्‍ट अतिथि के रूप में उर्दू के मशहूर शायर-आलोचक शीन. काफ़. निजाम और प्रसिद्ध कवि अनिल जनविजय, संपादक कविताकोश शिरकत करेंगे। जवाहर कला केंद्र के कृष्‍णायन सभागार में 31 जुलाई को सायं चार बजे उद्घाटन सत्र में प्रेमचंद के विविध आयाम विषयक संगोष्‍ठी होगी। इस सत्र की अध्‍यक्षता उर्दू के प्रखर आलोचक डॉ. मुदब्बिर अली जैदी करेंगे। इसके बाद रंगायन सभागार में प्रेमचंद की दो कहानियों का मंचन होगा। बड़े भाई साहब का निर्देशन युवा रंगकर्मी संदीप लेले करेंगे और कफन का निर्देशन वरिष्‍ठ रंगकर्मी मुकेश चतुर्वेदी, सवाई माधोपुर करेंगे।
1 अगस्‍त, 2009 को सायं चार बजे अतिथि कवि नरेश सक्‍सेना और अनिल जनविजय का कविता पाठ होगा। इस अवसर पर वरिष्‍ठ कवि ऋतुराज और डॉ. नंदकिशोर आचार्य भी उपस्थित रहेंगे। इसके बाद मुंशी प्रेमचंद की दो कहानियों का जयपुर के प्रसिद्ध रंगकर्मी ज़फर खान और वरिष्‍ठ अभिनेत्री किरण राठौड़ साभिनय पाठ करेंगे।
इस आयोजन में आप सब मित्रों सहित सादर आमंत्रित हैं।

रविवार, 5 जुलाई 2009

रचनाकार परम्परा को सहज कर उसमें कुछ नया जोड़ें: नन्द भारद्वाज




राजस्थान प्रगतिशील लेखक संघ, जयपुर इकाई के तत्वावधान में रविवार 28 जून, 2009 की शाम राजस्थान हिन्दी ग्रंथ अकादमी, जयपुर के सभागार में श्रीमती राज गुप्ता की ‘प्रखर हुआ जब मौन’ और श्रीमती रेणु जुनेजा की ‘अन्तर्मन के वातायन’ काव्य कृतियों पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
हिन्दी एवं राजस्थानी के समर्थ कवि नन्द भारद्वाज ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि रचनाकार समाज की समृद्ध परम्परा को सहेजकर उसमें अपना कुछ नया जोडे़। उन्होंने आज की ज्वलंत चुनौतियों को गहराई से समझने और उसके समाधान के लिए सघन भावाभिव्‍यक्ति को माध्यम बनाने पर जोर दिया। भारद्वाज का मानना था कि दोनों कवयित्रियां भिन्नता रखते हुए भी काव्य प्रकृति, मन की संवेदना और बुनावट के स्तर पर एक-दूसरे की पूरक जान पड़ती हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मनुष्य के बीच अदृश्य रिश्ते को बेहतर ढंग से समझकर उसे वृहत्तर उद्देश्यों से जोड़ते हुए विस्तार देना कवि का महत्वपूर्ण कर्म है। दोनों कवयित्रियां इस दृष्टि से सही जमीन पर खड़ी हुई हैं जो एक शुभ संकेत है। नंद भारद्वाज ने रेणु जुनेजा के संग्रह का लोकार्पण भी किया।
इससे पूर्व राज गुप्‍ता और रेणु जुनेजा ने नई और संग्रह से चुनी हुई कविताओं का पाठ किया।
सुप्रसिद्ध कथाकार रत्नकुमार सांभरिया ने श्रीमती राज गुप्ता के काव्य संग्रह ‘प्रखर हुआ जब मौन’ पर चर्चा करते हुए कहा कि लगता है कवयित्री ने कुदरत के कहर से खूब संघर्ष किया है। उन्होंने राज गुप्‍ता के जीवन संघर्ष की चर्चा करते हुए कई कविताओं को उद्ध्रत करते हुए कहा कि दुःख, कठिनाईयां, खाइयों और हृास का हम अहसास कर सकते हैं पर उसका चेहरा हमें दिखाई नहीं देता। उनकी कविताएं बदलते मनुष्य को लेकर सवाल पर सवाल खड़े करती है।
जाने माने व्यंग्यकार एवं कवि फारूक आफरीदी ने कहा कि श्रीमती राज गुप्ता की कविताओं में ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में अपने वे जीवन अनुभवों की गहरी छाप दिखाई पड़ती है। श्रीमती गुप्ता की कविताओं में नारी चेतना के स्वर भी मुखर होकर उभरे हैं। इसी प्रकार रेणु जुनेजा के काव्य संग्रह ‘अन्तर्मन के वातायन’ की कविताएं समय और समाज सापेक्ष हैं। उनमें एक विशेष जिजीविषा के साथ जीवन से लड़ने के लिए संघर्ष के बीज साफ-साफ दिखाई पड़ते है। रेणु की कविताएं रिश्तों की भी सूक्ष्म पड़ताल करती है।
युवा कवि वियजसिंह नाहटा और कवयित्री सुश्री रश्मि भार्गव ने दोनों कवयित्रियों के संग्रहों पर अपनी टिप्पणियों में कहा कि आज के समय को वे बेहतर तरीके से रेखांकित करती हुई प्रतीत होती हैं। इन कविताओं में जीवन का गहरा मर्म छुपा हुआ है तथा सतत संघर्ष की अभिलाषा परिलक्षित होती है। रेणु जुनेजा की किताब पर उन्‍होंने कहा कि इन कविताओं में मानवमात्र के प्रति वात्‍सल्‍य, समाज की बेहतरी की आकांक्षा, अमानवीय के खिलाफ प्रतिरोध और जीवनानुभूतियों का सच्‍चा चित्रण है।
श्रीमती राज गुप्ता की काव्य कृति पर केप्टन के.एल. सिरोही ने तारादत्‍त निर्विरोध की टिप्पणी पढ़ कर सुनाई। उन्‍होंने राज गुप्‍ता के सामाजिक सेवा कार्यों की भी चर्चा की।
प्रारम्भ में प्रलेस जयपुर इकाई के सचिव ओमेन्द्र ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में इकाई अध्यक्ष गोविन्द माथुर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राज. प्रगतिशील लेखक संघ के महासचिव प्रेमचन्द गांधी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जयपुर के गणमान्य कवि कथाकार, लेखक, पत्रकार एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।

सोमवार, 22 जून 2009

हबीब तनवीर को श्रध्दांजलि

शुक्रवार ,१२जून को राजस्थान हिन्दी ग्रन्थ अकादमी में राजस्थान प्रगतिशील लेखक संघ एवं राजस्थान जन नाट्य संघ की ओर से रंगकर्मी हबीब तनवीर को स्मरण किया गया। वरिष्ठ रंगकर्मी रणवीर सिंह ने हबीब तनवीर के साथ व्यतीत की किये गए पलों का स्मरण करते हुए उन्हें आधुनिक थियेटर का महान व्यक्तिव बताया । नाट्य निर्देशेक सरताज नारायण माथुर एवं कवि नाटक लेखक नन्द किशोर आचार्य ने हबीब तनवीर के नाट्य कर्म को रेखांकित किया । गोविन्द माथुर, राजा राम भादू एवं किरण राठौड़ ने भी विचार व्यक्त किए । प्रलेस के महासचिव प्रेम चंद गाँधी ने सञ्चालन किया। अंत में दो मिनट का मौन रख कर, हबीब साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गयी.





रविवार, 26 अप्रैल 2009

साहित्य दिवस 2009 आयोजन की विस्तृत रिपोर्ट


हम अपनी संस्कृति, परम्परा, इतिहास और विरासत को विकृत होने से बचाएं- जितेन्द्र भाटिया

साहित्यकार नये सोच के साथ देश और समाज के हालात बदलने के लिए खड़े हों-

प्रो. अली जावेद

जयपुरः राजस्थान प्रगतिशील लेखक संघ एवं राजस्थान हिन्दी ग्रन्थ अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में अकादमी के सभागार में प्रगतिशील लेखक संघ की स्थापना दिवस के अवसर पर 9 अप्रेल, 2009 को साहित्य दिवस का आयोजन किया गया। प्रतिष्ठित कथाकार एवं लेखक जितेन्द्र भाटिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस समारोह में प्रगतिशील लेखक संघ के राष्ट्रीय उप महासचिव प्रो. अली जावेद विशिष्ठ अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। समारोह की अध्यक्षता प्रसिद्ध कथाकार एवं साहित्यकार डा. हेतु भारद्वाज ने की। आयोजन के पहले सत्र में ’साहित्य संस्कृति का लोकतंत्र और राजस्थान’ विषयक विचार गोष्ठी हुई तथा दूसरे सत्र में राजस्थान के प्रतिष्ठित व्यंग्यकारों ने यशवंत व्यास की अध्यक्षता में अपनी प्रतिनिधि व्यंग्य रचनाओं का पाठ किया।

समारोह के मुख्य अतिथि प्रतिष्ठित कथाकार जितेन्द्र भाटिया ने कहा कि राजस्थान की एक पुरानी, समृद्ध, और सशक्त सांस्कृतिक परम्परा रही है, जो इधर बहुत तेजी से बदलती जा रही है और इसकी वजह मुख्‍य रूप से सांस्‍कृतिक आक्रमण के साथ साथ राजनैतिक भी है। पिछले कुछ समय से वे स्वयं अपने आप से एक सवाल करते रहे हैं कि वे क्यों लिखते हैं। यह बहुत मुश्किल सवाल है। एक सक्रिय लेखक के लिए इसको समझना और परखना बहुत जरूरी है। उस लेखक के लिए तो और भी जरूरी है जो यह दावा करता है कि वह सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ है। सक्रियता या रचनात्मकता का सवाल बहुत महत्वपूर्ण है। कहीं अपने आपको जीवित रखने के लिए या अपने आपको सार्थक बनाये रखने और अपने इर्द-गिर्द का जो समाज है उसमें योगदान देने के लिए यह जरूरी है।

उन्होंने कहा कि उनके भीतर एक सामाजिक अपराध बोध है तथा उन साहित्यकारों के साथ भी शायद ऐसा ही होगा कि इस समाज ने जो दिया है यानी चीजों को समझने और विश्लेषण करने की तमीज दी है उसे हमने कितना वापस लौटाया। वे जब इस समीकरण पर उतरते हैं तो अपने को एक विचित्र अपराधगग्रस्तता में पाते हैं। एक व्यक्ति के निर्माण में समाज के बहुत से लोगों का योगदान होता है। शिक्षक, माता-पिता, पड़ोसी, मित्रों और अनेक लोगों के योगदान से आदमी समृद्ध होता है। इसलिए साहित्यकार के लिखने के पीछे एक सशक्त कारण है। इस अपराध भाव को समाज को परिवर्तित नहीं कर पाने या अपने समाज को उस तरह कार्यान्वित नहीं कर पाने की मजबूरी या छटपटाहट के तहत लेखक लिखता है। यह जरूरी नहीं कि इससे समाधान निकले लेकिन उसकी कोशिश बनी रहनी चाहिए।

भाटिया ने कहा कि जो अपनी स्मृति को याद रखता है उसे हम अविष्कारक मान सकते हैं और जो अपनी स्मृति, अपने इतिहास, समाज की सारी विसंगतियों (जो पूर्वजों ने झेली हैं) को भूलता है तो वह कहीं अपने आपको भूलता है और कहीं वह उस अविष्कार का ह्रास करता है। यह बहुत जरूरी है कि हम इस चीज को आत्मसात करें। इसे सरलीकृत तरीके से देखने की जरूरत नहीं है जो विसंगतियां नैतिक तौर पर या तमाम दूसरी चीजों में दिखाई देती हैं।

भीष्म साहनी की कहानी ‘अमृतसर आ गया है’ का उदाहरण देते हुए जितेन्द्र भाटिया ने बताया कि 1947 में विभाजन के 20 वर्ष बाद उनकी रचनाओं में वे चीजें बहुत सलीके से आई जिसको वे अपने भीतर दबाए हुए थे। उनकी रचनाओं में हो-हल्ला नहीं है या किसी आंदोलनकर्ता जैसा व्यवहार नहीं दिखता। वह स्वतः और शनैः-शनैः रचनाओं में उतरता है। इसलिए हमें अपने प्रदेश की संस्कृति और परम्परा को सूक्ष्म दृष्टि से समझने-देखने की जरूरत है। इसे पूरी तरह सामन्ती कहकर नकार नहीं सकते। उनमें से ऐसे तत्व ढूंढने की जरूरत है जो कहीं हमें जोड़ती अथवा समृद्ध करती है। उन्हें ढूंढे बगैर हम प्रगतिशील सोच आगे नहीं बढ़ा पायेंगे। हमें चीजों को विकृत करने वालों के खिलाफ खड़ा होना पड़ेगा। हमें स्मृति और आविष्कार का इस्तेमाल अपनी परम्परा और संस्कृति को समझने के लिए करना चाहिए क्योंकि जो लोग इसके ठेकेदार बने हैं उनके इरादों में बेईमानी और खोट है और वे राजनीति के तहत चीजों के देखते हैं। वे संस्कृति में भी राजनीति ढूंढेंगे। हमारी परम्परा में जो चिन्ह हैं उन्हें देखने समझने की जरूरत है। आज के समाज में चीजे जिस तरह विकृत हो रही हैं उसे रोकना होगा तभी हम अपनी संस्कृति, परम्परा, इतिहास और विरासत को बचा सकते हैं।

विशिष्ट अतिथि नेशनल कौंसिल फार प्रमोशन आफ उर्दू के पूर्व निदेशक और प्रगतिशील लेखक संघ के राष्ट्रीय उप महासचिव प्रो. अली जावेद ने कहा कि लोकतंत्र में चीजों का जो राजनीतिकरण होता है वह हमारे समाज और नई पीढ़ी में न केवल भ्रामक पैदा करता है बल्कि घातक भी है। उन्होंने कहा कि भगतसिंह इस मुल्क के ऐसे इंकलाबी नेता थे जिनका अधिकतर लेखन उर्दू में हुआ। ‘इंकलाब जिन्दाबाद’ का नारा उन्होंने दिया। ऐसी अजीम शख्सियत को आप सिख समुदाय तक सीमित नहीं कर सकते। आजादी के 60 साल बाद भी आज हमारी पहचान जाति और धर्म के आधार पर हो तो चिंताजनक है। भगतसिंह ने धर्म और जाति से ऊपर उठकर देश की आजादी के लिए काम किया। इसी तरह बेगम हजरत महल ने अंग्रेजी साम्राज्यवाद के आगे झुकने की बजाय नेपाल मे शरण लेकर आजादी की मुहिम को जारी रखा।

प्रो. जावेद ने कहा कि आज जब हम प्रगतिशील लेखक के स्थापना दिवस पर चर्चा कर रहे हैं तो हमें प्रगतिशील आंदोलन को आज परिपेक्ष्य में अपनी सार्थक भूमिका निभाने के बारे में विचार करना होगा। इस आंदोलन को आज 73 साल हो गये। उस वक्त जब देश और दुनिया पर जंग का खतरा मण्डरा रहा था तब दो धाराओं ने काम शुरू किया था। एक तरफ राजनीति थी और दूसरी तरफ लेखक, शायर और बुद्धिजीवी वर्ग था जिसने सांस्कृतिक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए आन्दोलन में अपनी महती भूमिका निभाई। आज की चुनौतियों को देखते हुए हमें इस सांस्कृतिक आंदोलन को जनता के बीच ले जाना होगा। शहीद भगतसिंह और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने आजादी मिलने के बाद देश की बेहबूदी, श्रम की निष्ठा, मजदूरों के हक और आम आवास की खुशहाली के जो सपने संजोए थे उन पर गौर करने की जरूरत है कि वे कितने साकार हुए। लेखकों, शायरों और बुद्धिजीवियों के सामने ये जिम्मेदारी है कि वे हकीकत को पेश करें और गरीब, मजदूर, किसान, युवा वर्ग और महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने के लिए आगे आयें।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद अगर यह हमारे सपनों का भारत होता तो शायद फैज़ अहमद फैज़ को यह नहीं कहना पड़ता-

ये दाग-दाग उजाला
ये शबगजीदा सहर
ये वो सहर तो नहीं
जिसकी आरजू लेकर
चले थे हम
कि मिल जायेगी कहीं न कहीं
फलक के दस्त में
तारों की आखिरी मंजिल।

फैज़ को यह भी कहना पड़ा था कि -

चले चलो कि
वो मंजिल अभी नहीं आई।

देश में इन हालातों पर फैज़ ही नहीं बल्कि इंकलाबी शायर मख्दूम मोहियुद्दीन ने भी इशारा किया था-

वो जंग ही क्या
वो अम्‍न ही क्या
दुश्मन जिसमें ताराफ न हो
वो दुनिया दुनिया क्या होगी
जिस दुनिया में स्वराज न हो
वो आजादी आजादी क्या
मजदूर का जिसमें जिक्र न हो।

प्रो. जावेद ने कहा कि यह अफसोस की बात है कि आजादी के छः दशक बाद भी हम सामंती समाज से आये जन प्रतिनिधियों को राजासाहब और रानी साहिबा जैसे सामन्ती संबोधन देते हैं। हमारी मानसिकता आज भी नहीं बदली। जब तक यह मानसिकता नहीं बदलती तब तक इस दलदल से उभर नहीं सकते। इसलिए हमें अपनी परम्परा और विरासत को याद करते हुए नये सोच के साथ देश और समाज के हालात बदलने के लिए खड़ा होना पड़ेगा।

उन्होंने चिंता दर्शाई कि आजादी के बाद हमने एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र की कल्पना की थी लेकिन उसके बदले में नफरत और आपस में बांटने वाले हालात मिले। हमारे पुरोधा लेखकों प्रेमचन्द, सज्जाद ज़हीर, मख्दूम, निराला ने भी हमेशा धर्म की बेहतरीन परम्पराओं की ओर इशारा किया। आज हमें उनका अनुसरण करते हुए नाइंसाफी के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी। हमारे अदीब और शायरों में कबीर, तुलसी, गालिब और मीर की परम्परा को 1936 के बाद प्रगतिशील आंदोलन ने जिस तरह आगे बढ़ाया उसे गति देनी होगी।

प्रो. जावेद ने कहा कि आज हर चीज को हमने उपयोग की चीज मान लिया है और उपभोक्तावादी रवैया अपना लिया है। मल्टीनेशनल ताकतें तीसरी दुनिया के देशों के समाज और संस्कृति को उपभोक्तावादी बनाने में लगी हुई हैं। हम भी कहीं न कहीं उसका शिकार होते जा रहे हैं। हम अपनी परम्पराओं को भूलते जा रहे हैं। फिल्मों ने भी यही काम किया है। आज ऐसे गीत और नृत्य प्रस्तुत किये जा रहे हैं जो हमारी पूरी परम्परा को आहत करने वाले हैं। ऐसी अवस्था में हमें अपनी परम्पराओं को ध्यान में रखते हुए अपने सामाजिक दायित्व को निभाने के बारे में विचार करने की जरूरत है तभी प्रगतिशील आंदोलन की सार्थकता है। उन्होंने कहा कि हमें अंग्रेजी तालीम के खिलाफ होने की जरूरत नहीं है लेकिन जो हमारे जीवन मूल्य हैं, वे तिरोहित नहीं होने चाहिए। भारतीय संस्कृति का नारा देने वाले चन्द लोग उसको धर्म के साथ जोड़ कर देखते हैं जबकि हमारी संस्कृति तो ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की रही है।

प्रो. जावेद ने कहा कि आज कदम-कदम पर हमें धर्म और जात-पात पर अपनी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। आज वक्त आ गया है कि हम उन जीवन मूल्यों को फिर से मजबूत करने की कोशिश करें जो हमारी शानदार विरासत का हिस्सा है। हमारा लेखक, कलाकार, शायर और बुद्धिजीवी अभी तक राजनीतिज्ञों की भांति भ्रष्ट नहीं हुआ है जिस तरह सियासत तो एक व्यापार और कैरियर हो गया है और वहां कोई प्रतिबद्धता नहीं रह गई है। साहित्यकारों को अपनी प्रतिबद्धता को मजबूती के साथ व्यक्त करने की आवश्यकता है। हमें यह संकल्प लेने की जरूरत है कि हम समाज को जाति और धर्म के आधार पर नहीं बंटने देंगे और नफरत नहीं फैलने देंगे। हमें अपनी कमजोरियों को दूर करना होगा। अगर हम अपने फर्ज को याद रखेंगे तो इस मकसद में जरूर कामयाब होंगे।

इससे पूर्व प्रमुख आलोचक एवं साहित्यकार राजाराम भादू ने ’साहित्य संस्कृति का लोकतंत्र और राजस्थान’ विषय पर बीज भाषण प्रस्तुत करते हुए कहा कि आज साहित्यकारों के सामने एक बड़ी चुनौती है। हमें लोकतंत्र की विसंगतियों के बीच अपने लेखन का दायित्व निभाते हुए समाज के प्रति अपनी सार्थक भूमिका को निभाने की महती आवश्यकता है। आज हालात जिस तरह से बदल रहे है उससे समाज को परिचत कराकर उन्हें जन-विरोधी ताकतों के विरुद्ध संघर्ष के लिए तैयार करना होगा।

प्रगतिशील लेखक संघ, अजमेर के महासचिव अनन्त भटनागर ने कहा कि राजस्थान में स्वाधीनता के बाद साहित्य सृजना तो लोकतंत्र को प्रोत्साहित करने वाली हुई है और कहानी-कविता के माध्यम से जनवादी साहित्य भी रचा गया है और बहस-मुबाहिसों में भी लोकतंत्र केन्द्र बिन्दु रहा है। लेकिन लोक से रिश्ता बनाने में हमारे साहित्यकर्मी सफल नहीं हो पाये हैं। यह त्रासदी है कि वर्तमान में जैसा लोकतंत्र निर्मित होना चाहिए था वैसा नहीं हो पाया। कोई बड़ा जन आंदोलन निर्मित करने में भी हमारी साहित्यिक पीढ़ी को कामयाबी हासिल नहीं हुई है। राजस्थान में वर्तमान में साहित्य के जो आंदोलन चल रहे हैं या जो पहले भी चले हैं उनमें भी संस्कृतिकर्मियों की भागीदारी बहुत कम रही है। साहित्यकारों की सुविधाभोगी प्रवृत्ति ज्यादा बढ़ी है। लोकतंत्रगामी शक्तियों के विरोध में या सूचना का अधिकार जैसे जन-आंदोलन और साहित्य आंदोलन के पक्ष में साहित्यकारों की भूमिका आज बढ़ाने की आवश्यकता है।

भटनागर ने कहा कि आज विचार और सृजन के व्यापकीकरण की जरूरत है। राजस्थान के जन आंदोलन विचार से बहुत अधिक समृद्ध करनेकी जरूरत है। विचार के प्रति लोगों में श्रद्धा है लेकिन साहित्य उसे सींचता तो वह एक बड़ा आंदोलन का रूप ले सकता था और उसका ज्यादा प्रभाव पड़ सकता था। हम किस तरह विचार को जन आंदोलन तक कैसे ले जा सकते हैं, इस पर चिंतन करने की जरूरत है।

उन्होंने कहाकि दुर्भाग्यवश पिछले 20 वर्षो में सामन्तवाद के साथ साम्प्रदायिकता का प्रसार हुआ है, जिसका विरोध करने में साहित्यकार पीछे रहे हैं। गुजरात हमारा पड़ौसी राज्य है। उसके साथ हमारे गहरे सांस्कृतिक संबंध भी रहे है लेकिन गुजरात की घटनाओं और विशेष रूप से साम्प्रदायीकरण के प्रति राजस्थान से प्रखर विरोध का स्वर नहीं उठ सका। राजस्थान को गुजरात बनाने की मुहिम भी इसीलिए तेजी से आगे बढ़ी है। इसे विरोध का स्वर देने में हमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की जरूरत है। ऐसे समय में हम जिस प्रगतिशील विचार से जुड़े हुए हैं उसके प्रसार और क्रियान्वयन में हमारी महत्वपूर्ण भूमिका होनी चाहिए।

वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र बोड़ा ने कहा कि राजस्थान में आजादी की लड़ाई तीन स्तरों पर लड़ी गई। यह लड़ाई एक तरफ अंग्रेज और दूसरी तरफ सामन्तवाद तथा तीसरी तरफ स्थानीय राजाओं और जागीरदारों से लड़ी गई लेकिन आजादी के बाद के 60 वर्षो में हमने लोक को शक्ति नहीं दी। लोकतंत्र के नाम पर तंत्र हावी होता रहा। हमारा सदियों तक यह सोच रहा है कि किसी तरह सस्ता निकालो। हमारे यहां छुआछूत की परम्परा रही जिससे बचने की कई गलियां निकाल ली गई। आजादी के बाद हमने कानून बनाये लेकिन उसमें भी बच निकलने की गलियां मौजूद हैं।

बोड़ा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिन राजाओं-सामान्तों से हमारा विरोध था, लोकतंत्र की स्थापना के बाद उन्हीं में से लोग निकल कर लोकतंत्र के नियामक बन गये। लोक को सबसे ज्यादा प्रभावित करने वाली चीज आर्थिक नीति होती है। इन नीतियों का नियंता ‘वी द पीपुल’ नहीं है। वोट देने के बाद लोक की 5 वर्षों के लिए सारी सार्वभौमिकता खत्म हो जाती है। नीतियां वह तय करता है जिसे हम चुनते हैं। होना तो यह चाहिए कि हम उसे बतायें कि नीतियां क्या होनी चाहिए। लोकतंत्र में लाॅबियां होती हैं लेकिन लोक की कोई सशक्त लाॅबी नहीं बन पाई। उद्योगपतियों, धनपतियों की लाॅबियां बनीं। इधर आर्थिक मंदी का दौर आया और चर्चा होने लगी कि सैंसेक्स गिर गया। सोचने की बात यह है कि इस सैंसेक्स की हमारी जी.डी.पी. में कितनी भागीदारी है। जी.डी.पी. को असली मदद तो लोक दे रहा है लेकिन उसकी कोई बात नहीं करता। कुल आबादी का 5 या 10 प्रतिशत वर्ग पूरे 90 प्रतिशत लोक का शोषण करता है।

वर्तमान समय में विचार की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए बोड़ा ने कहाकि विचार को लोक पर प्रतिष्ठापित करने की जरूरत है। यह दुखद है कि हमारी आर्थिक नीतियां बनाने वाले ये कहते हैं कि हमारा राष्ट्र समाजवादी है लेकिन हमें केपेटेलिस्ट टूल्स का इस्तेमाल करना पड़ेगा। हमारा गला पकड़कर बैठे पूंजीपतियों के खिलाफ हमारे साहित्य या संस्कृति ने कोई बड़़ा प्रयास नहीं किया। हम साहित्य की विधा कहानी-कविता के जरिए लोक की अस्मिता लौटाने में मदद करें और उसका सशक्तिकरण करें। आजादी के 60 वर्षों बाद भी जयपुर में किसी राजा की मूर्ति लगती है जबकि उसी राज परिवार के मुखिया को लोकतांत्रिक चुनाव में जनता ने हराया लेकिन हमने उसके पूर्वज की मूर्ति लगाने का विरोध नहीं किया। कहीं तो हमारा सरोकार नजर आना चाहिए। लोक को यह अहसास कराने की जरूरत है कि उसका नियंता और कोई नहीं वह स्वयं है। चिंता की बात है कि हमारे यहां सामन्तवाद ने लोकतंत्र के हथियार को अपना लिया है और लोक को दब्बू बनाये रखा है। आज विचार और साहित्य से जुड़े लोगों को प्रतिक्रियावादी लोगों का विरोध करने की जरूरत है। आज की व्यवस्था ने मीडिया का भी बेजा इस्तेमाल किया है। ऐसे समय में हमारी चुनौतियां और बढ़ जाती हैं।

पुरातत्वविद हरिशचन्द्र मिश्रा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हमें मीडिया का साथ लेकर विचार को आगे बढ़ाना होगा। हमारा लोकतंत्र का जो मूल मंत्र था उसकी ओर नागरिकों को लौटाने के लिए साहित्यकारों की महती भूमिका है।

राजेश चैधरी (ब्यावर) ने कहा कि रचनाकर्म और सामाजिक सक्रियता अपने आप में महत्वपूर्ण है। जन आंदोलनों के साथ साहित्यकारों के जुड़ाव का प्रभाव दिखाई देना चाहिए। प्रबुद्ध लोगों को अपने रचनाकर्म के साथ जन आंदोलनों से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय सहभागिता निभाने की जरूरत है।

राजस्थान हिन्दी ग्रंथ अकादमी के निदेशक डा. आर.डी.सैनी ने कहा कि हमारे यहां अभी भी सामन्ती तत्व मौजूद हैं। संस्थानों में लोकतंत्रीकरण की जरूरत है। लोकतंत्र में विचारों की स्वीकार्यता भी लोकतांत्रिक तरीकों से होती है। ये फैसले दबाव समूहों से होते हैं। अगर हमें अपने हक में फैसले कराने हैं तो दबाव समूह बनाना चाहिए। अध्यक्षता करते हुए राजस्थान प्रगतिषील लेखक संघ के अध्यक्ष डा. हेतु भारद्वाज ने कहा कि रचनाकार को शब्द और कर्म के बीच की दूरी कम करनी होगी और लोक से जीवंत संपर्क स्थापित करना होगा। उन्होंने कहा कि आज संाप्रदायिकता कई रूपों में सामने आ रही है और समाज में आपसी वैमनस्य और घृणा बढ रही है जिससे रचनाकर्म भी अछूता नहीं है। हमें सच्ची धर्मनिरपेक्षता प्रदर्षित करते हुए समाज को भी सावधान करना होगा।

साहित्य दिवस के दूसरे सत्र में प्रतिष्ठित पत्रकार एवं व्यंग्यकार यशवंत व्यास की अध्यक्षता में व्यंग्य पाठ का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के प्रमुख व्यंग्यकारों यशवंत व्यास, सम्पत सरल, फारूक आफरीदी, अनुराग वाजपेयी, अजय अनुरागी, मदन शर्मा ने प्रतिनिधि व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं का रसास्वादन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कवि गोविन्द माथुर ने कविता पाठ और कथाकार श्याम जांगिड़ ने कहानी पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन अशोक राही ने किया।

राजस्थान प्रगतिशील लेखक संघ के महासचिव प्रेमचन्द गांधी ने प्रारंभ में इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सांस्कृतिक कला रूपों से सम्बद्ध लेखक, कलाकार, पत्रकारों की भागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका की आज आवश्यकता है। राजस्थान में कलाओं के लोकतांत्रिकीकरण के कुछ निजी स्तर पर प्रयास जरूर हुए हैं, लेकिन आज जो चुनौतियां देश और समाज के सामने हैं उनको मद्देनजर रखते हुए इन प्रयासों को बढ़ाना होगा। प्रगतिशील विचारधारा से जुडे़ लेखकों की जिम्मेदारी आज अधिक बढ़ गई है। उन्हें अपने लेखन के साथ जन-आंदोलनों में भी अपनी सहभागिता को सुनिश्चित करना होगा।

रिपोर्ताजः फारूक आफरीदी, ई-750, गांधी नगर, न्याय पथ, जयपुर-302015 मो. 94143 35772

मंगलवार, 7 अप्रैल 2009

साहित्य दिवस पर दो सत्रों में संगोष्ठी और व्यंग्य रचना पाठ

जयपुर. राजस्थान प्रगतिशील लेखक संघ और राजस्थान हिन्दी ग्रंथ अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में नौ अप्रेल को साहित्य दिवस समारोह मनाया जाएगा. अकादमी के झालाना डूंगरी स्थित सभागार में दो सत्रों में आयोजित होने वाले इस समारोह के पहले सत्र में प्रातः 11 बजे ‘साहित्य, संस्कृति का लोकतंत्र और राजस्थान' विषय पर चर्चा होगी और दूसरे सत्र में जयपुर के प्रमुख ख्यातिनाम व्यंग्यकार अपनी व्यंग्य रचनाओं का पाठ करेंगे. संघ के प्रदेश महासचिव प्रेमचंद गाँधी ने बताया कि हिन्दी के सुविख्यात कथाकार जितेंद्र भाटिया इस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे, जबकि अखिल भारतीय प्रगतिशील लेखक संघ के उप-महासचिव अली जावेद विशिष्ट अतिथि होंगे.
प्रदेश के विभिन्न अँचलों की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत के अतीत, वर्तमान और भविष्य को लेकर राजास्थान के शीर्ष साहित्यकार, लेखक और कलाकार गहन चर्चा करेंगे. इस चर्चा में अलवर से शम्भू गुप्त, अजमेर से अनंत भटनागर, सिरोही से माधव हाडा, हनुमानगढ़ से भरत ओला, चुरू से रामकिशन अडिग और मेड़ता से विजय सिंह नाहटा भाग लेंगे. राजस्थान प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष डा. हेतु भारद्वाज इस सत्र की अध्यक्षता करेंगे.
दोपहर भोजन के बाद अपराह्न 2.30 बजे व्यंग्य रचना पाठ सत्र आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश के प्रमुख महत्वपूर्ण व्यंग्यकार फारूक आफरीदी, संपत सरल, पूरण सरमा, अनुराग वाजपेयी, अजय अनुरागी और डा. यश गोयल अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे. प्रसिद्ध व्यंग्यकार और पत्रकार यशवंत व्यास इस सत्र की अध्यक्षता करेंगे और अशोक राही सत्र का संचालन करेंगे.
साहित्य दिवस का इतिहास
नौ अप्रेल, 1936 को लखनऊ में प्रगतिशील लेखक संघ का पहला सम्मलेन हुआ था, जिसकी अध्यक्षता मुंशी प्रेमचंद ने की थी. इस अवसर पर ही मुंशी प्रेमचंद ने अपना प्रसिद्ध भाषण दिया था 'साहित्य का उद्देश्य', जो आज भी साहित्य की दुनिया में अपना अलग महत्त्व रखता है. नौ अप्रेल को ही महान साहित्यकार राहुल सांकृत्यायन का जन्म दिवस भी है. राजस्थान प्रगतिशील लेखक संघ ने नौ अप्रेल को साहित्य दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी, जिसे अब पूरे देश में मनाया जाता है.