प्रगतिशील लेखक संघ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्रगतिशील लेखक संघ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 13 अगस्त 2017

नथमल शर्मा के काव्य संग्रह "उसकी आंखों में समुद्र ढूंढता रहा है" पर चर्चा

बिलासपुर । प्रगतिशील लेखक संघ एवं बिलासपुर प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में पत्रकार कवि नथमल शर्मा के काव्य संग्रह "उसकी आंखों में समुद्र ढूंढता रहा है" पर एकाग्र संगोष्ठी का आयोजन आज यहां किया गया ।
  कार्यक्रम के प्रारंभ में नथमल शर्मा ने अपनी चुनिंदा कविताओं का पाठ किया । कविता संग्रह पर केन्द्रित अपनी टिप्पणी में पत्रकार बरूण श्रीवास्तव "सखाजी " ने कहा कि सरस,महसूसियत पर सवार होकर नजीरें पेश करता यह संग्रह कहीं कहीं कविताएँ  बोता भी है । फिर थोड़ी ही देर बाद आगे से मुड़ते हैं तो वही बोया बीज अंकुरित नज़र आता है । यूँ तो विषय कोई छूटा नहीं पर खासतौर से  रिश्ते,अनुभव,बातचीत और खुद के साथ हिसाब सा करती कविताएँ कई बार मारक जान पड़ती हैं । 
 कविता संकलन पर एकाग्र अपने आलेख का पाठ करते हुए अंबिकापुर से आए विजय गुप्त ने कहा कि नथमल शर्मा की कविता में वैविध्य है । स्त्री,पुरूष,प्रकृति,संघर्ष, प्रेम,आवेग,उम्मीद,हताशा,वक्तव्य,विचार धारा, सब कुछ अपने कच्चे पक्के रूप में मौजूद है ।वह जनपक्षधर कवि हैं और अपनी राजनीतिक और सामाजिक प्रतिबद्धताओं के प्रति चौकन्ने है व राजनीतिक सवालों से कतराते नहीं है और न ही अपनी जन प्रतिबद्धता छोड़ते हैं । अनुभवों और स्थितियों पर लिखी कविताएँ पाठकों को आह्लाद का एक नया धरातल देती है । 
 संग्रह पर चर्चा की शुरुआत करते हुए नमिता घोष ने कहा कि कवि ने जीवन के भोगे हुए यथार्थ और सहज अनुभूतियों को रंगों में ढालते हुए एक कैनवास की रचना की। वे सामूहिक चेतना और प्रतिबद्धता युक्त मुखर कविताएँ हैं । चर्चा को आगे बढ़ाते हुए रफीक खान ने कहा कि ये कविताएं अपने आस-पास के परिवेश को मानवीय बनाने का रचनात्मक संकल्प है । कविताएं कवि की मानवीय समझ है।इनमें मानवीय चिंताओं का सकारात्मक रूपांतरण हुआ है । चर्चा को आगे बढ़ाते हुए अजय पाठक ने कुछ कविताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कविताओं का सरोकार संवेदना से है । ये मुक्तिबोधीय चेतना से युक्त कविताएँ हैं । ये आम फहम शब्दों में व्यक्त की गई है और इनमें अतिरिक्त पांडित्य दिखाने का प्रयास नहीं किया गया है ।
  कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर के कमिश्नर त्रिलोक महावर ने कहा कि सरल सहज शब्दों में अपनी बात कहने में कवि नथमल शर्मा पूरी तरह सफल हुए हैं । उन्होंने बहुत सारी चीजों को पूरी संजीदगी से अपनी कविताओं में पिरोया है । विकास की यात्रा सतत जारी रहती है । कविता संग्रह "उसकी आंखों में समुद्र ढूंढता रहा " के संदर्भ में उन्होंने कहा कि हम बहुत कुछ खोते है उसके बाद ही कुछ पाते हैं । यह हमारे जीवन का यथार्थ है ।ढूँढने का काम जीवन भर अनवरत चलता है । खोए हुए को ढूढना बहुत मुश्किल काम है । 
  अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कवि रामकुमार तिवारी ने कहा कि कविता भाषा का मानवीय करण करती है । हम भाषा को दूषित करते हैं । कवि की राजनीतिक चेतना की कविता-कविता की शर्तों पर राजनीति की बात करती है । नथमल शर्मा लोक संवेदन के कवि हैं । उनमें परंपरा बोध है वे कविता में विजुअल इफेक्ट पैदा करते हैं । उनकी कविताओं मे पत्रकार और कवि का द्वंद्व है । 
कार्यक्रम में हरीश केडिया,राजेश्वर सक्सेना,डाक्टर आर ए शर्मा, कालीचरण यादव, द्वारिका प्रसाद अग्रवाल,भारती भट्टाचार्य, रंजना चतुर्वेदी,कैलाश गुप्ता,सविता प्रथमेश मिश्रा, कपूर वासनिक,हबीब खान,सत्यभामा अवस्थी,पवन शर्मा, शाकिर अली,  रूद्र अवस्थी,  सुनील चिथड़े, पी.आर.यादव, राजेश दुआ, दिनेश ठक्कर, नीलिमा मोइत्रा के साथ ही नगर के  पत्रकार, साहित्यकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के सचिव विश्वेष ठाकरे ने एवं आभार प्रदर्शन क्लब के अध्यक्ष तिलकराज सलूजा ने किया ।

मंगलवार, 3 अगस्त 2010

प्रेमचन्द जयंती के उपलक्ष्य में प्रगतिशील लेखक संघ की इन्दौर इकाई द्वारा कार्यक्रम



प्रेमचन्द जयंती  पर गीत चतुर्वेदी का कहानी-पाठ  
1 अगस्त 2010, इन्दौर।
प्रेमचन्द जयंती  के उपलक्ष्य में प्रगतिशील  लेखक संघ की इन्दौर इकाई द्वारा प्रसिद्ध युवा कहानीकार व कवि गीत चतुर्वेदी का कहानी पाठ आयोजित किया गया। 
1 अगस्त 2010 को  देवि अहिल्या केन्द्रीय पुस्तकालय में हुए इस कार्यक्रम में अभय नेमा ने आमंत्रितों का स्वागत करते हुए भोपाल से आये गीत चतुर्वेदी को समकालीन हिन्दी कहानी में एक महत्त्वपूर्ण उपस्थिति कहा। गीत चतुर्वेदी का परिचय देते हुए विनीत तिवारी ने गीत की कविता, अनुवाद और फिल्मों में रुचि को रेखांकित किया और कहा कि इन सब आयामों से रचनात्मक ऊर्जा ग्रहण करते हुए गीत ने अपनी कहन की एक नई शैली को विकसित किया है। पेशे से पत्रकार गीत को कविता के लिए भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार प्राप्त हुआ है और हाल में उनका एक कविता संग्रह”आलाप में गिरह” और कहानियों की दो किताबें “पिंक स्लिप डैडी” व “सावंत आंटी की लड़कियां” आयीं हैं।

गीत चतुर्वेदी  ने अपनी चर्चित लम्बी कहानी “पिंक स्लिप डैडी” के चुनिन्दा अंशों का पाठ किया। ‘पिंक स्लिप डैडी’ आज के एक उच्च मध्यमवर्गीय जीवन की कहानी है जिसमें कहानी का प्रमुख पात्र सफलता पाने के लिये कई तरह के झूठ गढ़ता है और सबसे ज्यादा झूठ अपने आप से कहता है। ये कहानी वर्तमान कार्पोरेट जीवन शैली के सामाजिक साइड इफेक्ट्स को दर्शाती है और आडम्बरपूर्ण सर्वसुविधायुक्त जीवनशैली के अंधेरे कोनों पर रोचक ढंग से कटाक्ष करती हुई आगे बढ़ती है। बहुत सुन्दरता के साथ कहानी अपने कहन में कविता को साथ लेकर चलती है जिससे इसकी भाषा तरल और प्रवहमान बनी रह्ती है। कहानी में गीत कहते हैं “मेरी जाग एक नियंत्रित नींद है।”.....“एक कामयाब नींद क्या होती है- उसमें प्रवेश करना या फिर सही-सलामत बाहर निकल आ जाना?”....वो सपने के बारे में कहते हैं कि “सपना चाहे कैसा भी हो, सच होने का बीज उसी में छुपा होता है।” वो प्रकाश को “डायल्यूटेड अन्धेरा” कहते हैं और “ज्यादा गाढ़े प्रकाश को अंधेरा”।.....“हम इस धरती का जल हैं। पानी की भी मांसपेशियां होती हैं और पानी को पानी से ही धोना चाहिये”।.....“माँ बनने के बाद हर महिला अपनी माँ का स्पर्श याद करती है”। कहानी का मुख्य किरदार कहता है कि “मैं प्रसन्न रहना चाहता हूँ मगर पाता हूँ ज्यादातर समय सिर्फ सन्न हूँ।” 
करीब एक घंटे चले कहानी पाठ के बाद अपनी प्रतिक्रियाएं देते हुए उपस्थितों ने कहानी के साथ कविता के मेल और इस शिल्प को गीत की कहानियों का ख़ूबसूरत प्रयोग कहा। गीत की कहानियों के बहाने हिन्दी कहानी के भीतर दिख रहीं नयी प्रव्रत्तियों, इनके विकास व मौजूदा यथार्थ की जटिलताओं पर चर्चा हुई। रवीन्द्र व्यास ने कहा कि गीत जब एक यथार्थ को छूते हैं तो कई सारे यथार्थ फूट पड़ते हैं और इन्हीं सब यथार्थों को व्यक्त करने की कोशिश में वो तमाम तरह के कोटेशंस और कविताओं का प्रयोग करते हैं। इसीलिये इनकी कहानियों में बहुस्तरीयता और विभिन्न कला माध्यमों में आवाजाही दिखती है। आशुतोष दुबे ने कहा कि कहानी और कविता के इस मिलेजुले शिल्प में गीत के लेखन में अलग और बेहतर तरीके से नयापन मौजूद है और वो पाठक के साथ छूट लेने का साहस करते हैं। विनीत तिवारी ने कहा कि इस कहानी को सुनते हुए लगा कि हरिया हर्क्युलीज की हैरानी को आज के समय में एक अलग ट्रीट्मेंट के साथ लिखा गया हो। इस्मत चुगताई, मंटो, हजारी प्रसाद द्विवेदी, निर्मल वर्मा, मनोहर श्याम जोशी, यशपाल, ज्ञानरंजन आदि ने भी पाठक के दवाब को चुनौती दी थी और कहानी की कला को आगे बढ़ाया था। गीत और आगे की उम्मीदें जगाते हैं। ये कहानी उच्च मध्य वर्ग की मौजूदा त्रासदी है जिसे गीत ने नये मुहावरे और नयी भाषा के साथ खूब पकड़ा है, लेकिन हिन्दी कहानी को अभी ऐसे किसी मुहावरे और भाषा का इंतज़ार है जो इस दौर में समाज के सबसे निचले सिरे पर मौजूद करोड़ों लोगों की कहानी को नये और असरदार तरह से कह सके। प्रदीप मिश्र ने कहा कि पहले के कई लेखकों और कहानीकारों से हटकर इन कहानियों में एक नयापन है और गीत की भाषा का ये सामर्थ्य है कि वो इस मैनेजमेंटी कोर्पोरेटी जंजाल को उधेड़ देती है। गीत की कहानी में झूठी व्यवस्था का सच्चा हिस्सा बन जाने से उपजी समस्याओं का सशक्त चित्रण है। अभय नेमा ने कहा कि गीत अपनी कहानी में किसी भी तरह के वाद का नाम ना लेते हुए भी पूंजीवाद और उसकी अमानवीयता व सामाजिक असर को सरल किंतु सशक्त तरीके से उजागर करती है। विपुल शुक्ल ने रचना प्रक्रिया के बारे में सवाल किया कि क्या रचनाकार पाठक को नजरंदाज कर अच्छे साहित्य का स्रजन कर सकता है और आप लिखते समय मुख्य तौर पर किन बातों का ध्यान रखते हैं। उत्पल बैनर्जी, किसलय पंचोली, जावेद आलम व चैतन्य त्रिवेदी ने भी अपने विचार व्यक्त किये। अंत में गीत ने कहा कि मेरे भीतर का रचनाकार विशेषत: दो बातों पर ध्यान देता है- कुछ वो पहलू होते हैं जो लेखक जानता है कि ज्यादातर लोगों तक पहुँचेंगे और लोगों का उनपर ध्यान जायेगा। और कुछ पहलू ऐसे होते हैं जिन पर लेखक चाहता है कि लोगों का ध्यान जाये। मेरी कोशिश पाठक को समझाने की नहीं होती, मैं पाठक को मशक्कत के लिए तैयार भी करता हूं और उकसाता भी हूं। मैं जो कह रहा हूं उसके पाठक अपने-अपने पाठ करेंगे, इसलिये मेरा ज़ोर इस पर रहता है कि मैं वो लिख पाऊं जो मैं लिखना चाहता हूं, ना कि वो जो पाठक चाहता है। जहां तक कविता, कहानी, और अन्य विधाओं के इस्तेमाल की बात है तो मुझे लगता है कि यथार्थ और समय की मुठभेड़ को व्यक्त करने मेँ अब सिर्फ गद्य काफी नहीं है इसलिये एक से अधिक विधाओं के भीतर उतरना और उनका संयोजन करना ज़रूरी है। 
कार्यक्रम में एस. के. दुबे, साहब, जितेन्द्र चौहान, नवीन राँगियाल, सारिका श्रीवास्तव, क्रष्णकांत सिंह, निशिकांत चौहान, विभोर मिश्रा व रुचिता श्रीवास्तव की भी महत्त्वपूर्ण उपस्थिति रही। संचालन किया अभय नेमा ने।

(इन्दौर से विभोर मिश्रा द्वारा प्रस्तुत एवं विनीत तिवारी द्वारा प्रेषित )-

शुक्रवार, 20 मार्च 2009

मखदूम मोहिउद्दीन की तस्वीरें

दोस्तों,
पिछले दिनों हमने जयपुर में जब प्रगतिशील लेखक संघ की और से मखदूम जन्मशती कार्यक्रम आयोजित किया तो मीडिया के कई दोस्तों ने नेट पर मखदूम साहब की तस्वीरें तलाशीं, तो उन्हें निराशा हुई। हमने भी सोचा किइस बारे में कुछ किया जाना चाहिए, सो मखदूम साहब के सुपुत्र नुसरत से गुजारिश कीउन्होंने जो तस्वीरें हमें उपलब्ध कराईं, उन में से कुछ तस्वीरें यहाँ पोस्ट कर रहें हैं। अगली बार कुछ और तस्वीरें दोस्तों के लिए उपलब्ध करायेंगे।
अपने ही ख्यालों में गम हैं मखदूम साहब।
एक अन्तरंग दोस्त से बतियाते हुए मखदूम। दोस्तों की एक महफ़िल में मखदूम।
एक खूबसूरत दोस्त के साथ मखदूम।
शायर दोस्तों के बीच मखदूम।
आंध्र विधानसभा के अपने सदस्य मित्रों के बीच मखदूम मोहिउद्दीन।
एक जनसभा को संबोधित करते हुए मखदूम।
मखदूम के साथ उनकी परम मित्र, कवयित्री और आंध्र विधानसभा की सदस्य इंदिरा राजगीर बातचीत में मशगूल हैं।
महानचित्रकार मकबूल फ़िदा हुसैन की कूंची से बना एक रेखाचित्र, इस पर उर्दू में मखदूम की शायरी भी अंकित है।
इस चित्र में मखदूम के साथ उनके अजीज दोस्त राज बहादुर गौड़ और अन्यमित्र बैठे हैं। मखदूम साहब की कुछ और तस्वीरें अगली पोस्ट में देखियेगा।

सोमवार, 16 मार्च 2009

प्रगतिशील लेखक संघ की गतिविधियों का साझा ब्लॉग


दोस्तों,

देश के सबसे पुराने और विशाल लेखक संघ, प्रगतिशील लेखक संघ की देशव्यापी गतिविधियों की सूचनाएँ और महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करने के उद्देश्य से इस ब्लॉग को बनाया गया है। अगर आप प्रगतिशील लेखक संघ के पदाधिकारी हैं या कार्यकर्त्ता हैं तो कृपया अपनी ईकाई की ज़रूरी जानकारियाँ इस ब्लॉग पर पोस्ट कर सकते हैं। इसके लिए एक बार ब्लॉग मोडरेटर से संपर्क करना होगा और आपको सदस्यता मिल जायेगी। यह बिल्कुल मुफ्त है। इस ब्लॉग पर आगामी कार्यक्रमों की सूचनाएँ, अपने इलाके की साहित्यिक खबरें, लेखकों के बारे में ज़रूरी जानकारियाँ, सम्मान-पुरस्कार की खबरें, लेखकों की हारी- बीमारी, नईकिताब, नई पत्रिका, नए अंक, लेखक की यात्राएँ, सहयोग-समर्थन की जानकारियां, यानी वो तमाम सूचनाएँ, जो लेखक समुदाय के लिए उपयोगी हो सकती हैं, आप इस ब्लॉग पर पोस्ट कर सकते हैं। तो देर किस बात की, अभी सदस्यता के लिए आपके इस नाचीज़ साथी को एक ईमेल लिखिए, और ज़रूरी लगे तो एक बार फ़ोन लगा लीजिये, मेरा मोबाइल नंबर है 9829190626