मंगलवार, 7 अक्टूबर 2014

                               

संस्मरण
सक्रिय रचना-धर्मी गुरुवर महेंद्रभटनागर
— डॉ. लक्ष्मणसहाय

न ही इतनी बोधता थी न ही अबोधता, न ही जिज्ञासा और न ही महत्त्वाकांक्षा। यह अवस्था थी मेरे आठ-नौ वर्ष के बचपन की। इस अवस्था में प्रायः मैं कई विद्वानों के बीच नाना  महावीरप्रसाद जी के छोटे पुत्र शम्भूनाथ जी को हँसते, ठहाके लगाते, बतियाते, गंभीरता से विचार-विनिमय करते देखा करता था। इनमें मैंने गुरुवर महेंद्रभटनागर जी को भी सर्वप्रथम सहज हँसते, बतियाते और गंभीरता से विचार-विमर्श करते देखा। वहाँ हम बच्चों को जाने नहीं दिया जाता था। बस, यह मेरा उनसे बचपन का परिचय था; जो मेरे नेत्र-पटल पर आज भी स्पष्ट उकर आता है। समय कब बीत गया पता ही नहीं चला।

प्रारम्भिक जीवन में अनेकशः संघर्षों के भँवर से बचते हुए मैंने एम. ए. हिन्दी में प्रवेश सन् 1969 ई. में लिया। इस समय मैं विगत छह वर्षों से ‘नगर निगम ग्वालियर’ में सर्विस कर रहा था। इस कालाविधि में प्रयवेट एम. ए. नहीं होता था, इसलिए ‘महारानी लक्ष्मीबाई कला-वाणिज्य महाविद्यालय’ में प्रवेश लिया। सुबह सात बजे से कॉलेज और साढ़े-दस बजे से नौकरी। फिर विवाह हो जाने के बाद घर-परिवार की समस्याएँ। इस असम-विषम स्थिति में पत्नी प्रमिला जी का कदम-कदम पर साथ मिला — लिखने-पढ़ने में सहयोग दिया।

एम॰ ए॰ में कथा-साहित्य प्रीवियस में ही था; जिसमें प्रेमचंद जी पढ़ने थे। इसके लिए विषय-विशेषज्ञ प्रोफेसर ने दो-तीन ख्यातिलब्ध आलोचकों की पुस्तकें पढ़ने के लिए लिखाईं। उनमें ‘समस्यामूलक उपन्यासकार प्रेमचंद’ भी थी। साहित्य-जगत में उन दिनों इसकी सर्वाधिक चर्चा थी। पुस्तक के लेखक डॉ. महेंद्रभटनागर थे। इस पुस्तक के माध्यम से मेरा परिचय फिर महेंद्र जी के गंभीर ज्ञान से हुआ, किन्तु व्यक्तिगत रूप में नहीं।

सन् 1970 में एम. ए. करने के बाद मेरी प्रबल इच्छा थी पीएच.डी. करने की। इस समय ‘जीवाजी विश्वविद्यालय’ में केवल दस निर्देशक पीएच. डी. कराने के लिए मान्य थे। इन सबके कई बार चक्कर लगाए। सभी ने ‘मेरे पास जगह नहीं है’ कहकर मना कर दिया।

महेंद्रभटनागर जी से मेरी पहली भेंट स्थानीय प्रोफेसर शिवनाथ उपाध्याय जी ने करवाई थी। उनके कहने पर ही महेंद्र जी ने निर्देशक बनने की स्वीकृति दे दी थी। फलतः मैंने उन्हें गुरु के रूप में स्वीकारा। महेंद्र जी इन दिनों, ‘विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन’ से सम्बद्ध मंदसौर के शासकीय महाविद्यालय में हिन्दी-विभाग के अध्यक्ष थे। चूँकि वे ग्वालियर के मूल निवासी थे, उनका स्थाई निवास ग्वालियर था अतः उनका ग्वालियर  आना बना ही रहता था। निकट भविष्य में उनका स्थानान्तरण ‘कमलाराजा कन्या महाविद्यालय, ग्वालियर’ हो गया। ग्वालियर में प्रायः रोज़ ही सुबह-शाम उनसे मिलता। घर-परिवार, शिक्षा-अध्ययन पर चर्चाएँ होतीं। इस प्रकार मैं उनके परिवार का सदस्य हो गया था । इस कालाविधि  में मुझे उनके स्वभाव, रहन-सहन, लेखन, रुचि, यात्रा-भीरुता विषयक जानकारियाँ प्राप्त हो गईं थीं। गुरुवर महेंद्रभटनागर जी अपनी बात सोच-समझ कर धीरे-धीरे समझाते हुए कहते; जिसके कारण उनके विचारों को समझने में कठिनाई नहीं होती।

घर में वे बहुत सादे कपड़ों में रहते। प्रायः आधी बाँह की बनियान और तहमद। कॉलेज पेण्ट-बुशर्ट में। प्रायः साइकिल या लेम्ब्रेटा का उपयोग कॉलेज जाने में करते। कॉलेज से सीधे निवास पर आते। सबसे पहले डाक देखते। डाक बहुत आती। उनका पत्राचार व्यवस्थित था। आज वे इंटरनेट से अपने मित्रों से सम्पर्क में रहते हैं। कॉलेज से लौटते वक़्त वे ग्वालियर के केन्द्रीय स्थान बाड़े से मौसमी फल लाते। उन्हें आम बहुत पसंद हैं। आज भी घर में आम आने पर गुरुवर का स्मरण हो आता है। मैं कई बार उनके साथ गर्मियों के दिनों में बाड़े पैदल गया हूँ।

गुरुवर यात्रा करने से बचने की कोशिश करते हैं। मैंने दो बार उनके साथ दतिया एवं छतरपुर यात्राएँ की हैं। यात्रा से उन्हें शारीरिक-मानसिक परेशानियाँ प्रायः हो जाती हैं। मजबूरी में ही वे यात्रा करने निकलते हैं। देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से पीएच. डी. की मौखिकी लेने के पत्र आते हैं। किन्तु वे नहीं जाते। देश के कितने ही बड़े पुरस्कार, साहित्यिक सम्मान से क्यों न नवाजा जाए, वे लेने नहीं जाते। ‘हिन्दी साहित्य सम्मेलन, प्रयाग’ ने अपने पुरी-अधिवेशन में उन्हें ‘साहित्य वाचस्पति’ की उपाधि से सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया; किन्तु वे नहीं गये!

ग्वालियर ऐतिहासिक नगर में प्रायः साहित्यिक कार्यक्रम होते हैं। इन कार्यक्रमों में शिरकत करने ख्यातिनाम साहित्यकार आते हैं। अधिकांश उनसे मिले बिना नहीं जाते। मैंने उनके साहित्य ख्याति की चर्चा साहित्यिक सम्मेलनों में सुनी है — गोवा, प्रयाग, जयपुर, वाराणसी, शांतिनिकेतन, धारवाड़ आदि के साहित्य-समारोहों में पधारे साहित्यकारों द्वारा। उनकी चर्चा सुनकर मेरा मन गदगद हो जाता है और तन प्रफुल्लित। मेरा सौभाग्य है कि मैंने ऐसे उच्चतम कोटि के साहित्यकार के निर्देशन में शोध-कार्य किया। सम्प्रति, उनका निवास मेरे निवास से काफी दूर हो जाने के कारण उनसे मिलना कम हो गया है; किन्तु मन-दर्पण मंजूषा में उनके दिए गुरुमंत्र आज भी सुरक्षित हैं।
---------------------------------------------
लक्ष्मीगंज, ग्वालियर — 474001 (म. प्र.)

फोन: 9826905758_

रविवार, 24 अगस्त 2014

naps Hindi: Dr.Mahendra Bhatnagar reads his Hindi Poems..

naps Hindi: Dr.Mahendra Bhatnagar reads his Hindi Poems..: One of the famous Hindi Literature Personality of India Dr.Mahendra Bhatnagar reads his poem  'Bijaliyan Girne Nahi Denge' J...

बुधवार, 13 अगस्त 2014



कवि महेंद्रभटनागर का चाँद
— खगेंद्र ठाकुर

     ‘चाँद, मेरे प्यार!’ नाम से महेंद्रभटनागर के मात्र प्रेम-गीतों का एक विशिष्ट संकलन प्रकाशित हुआ है। इसमें संकलित 109 गीतों का चयन उनके पूर्व-प्रकाशित कविता-संग्रहों में से किया गया है। चयन स्वयं कवि ने किया है। ये प्रेम-गीत चाँद के माध्यम से व्यक्त हुए हैं। महेंद्रभटनागर जी के अन्य विषयों से सम्बद्ध और भी संचयन प्रकाशित हैं; पर मैं प्रेम-गीतों पर ही लिख पा रहा हूँ। इस लेख से हिंदी-कविता के पाठक उनकी कविता की ओर प्रेरित हुए तो मुझे प्रसन्नता होगी और मैं अपना श्रम सार्थक समझूंगा। मैं समझता हूँ कि कवि-कर्म कोई निष्काम कर्म नहीं होता। लेकिन लिखने मात्र से यश नहीं मिलता। उसके पीछे आजकल तो आलोचकों से पहले प्रकाशकों की भूमिका होती है।
     मैं 1957-59 में ‘पटना विश्वविद्यालय’ में एम. ए. (हिंदी) का छात्र था, तभी महेंद्रभटनागर जी की कविताएँ पढ़ता था। तभी से नागार्जुन, शमशेर, केदारनाथ अग्रवाल, त्रिलोचन और मुक्तिबोध आदि प्रगतिशील कविता के प्रतिनिधि माने जाते रहे हैं। प्रगतिशील कविता ही नहीं छायावादोत्तर हिंदी-कविता का इतिहास इन्हीं कवियों से बनता है।
     ‘चाँद, मेरे प्यार!’ के गीत रूमानी भावधारा की याद दिलाते हैं। लेकिन गीतों के इतिहास में ये उल्लेखनीय हैं। मुझे नागार्जुन की एक बात याद आती है, वह यह कि अगर कोई पाठक कुछ गुनगुनाना चाहे, तो उसे पीछे की कविताओं को ही मुड़ कर देखना होगा। इस दृष्टि से महेंद्रभटनागर जी के ये गीत ध्यान देने योग्य हैं।
     पहली रचना है ‘राग-संवेदन’, जिसमें कवि एक सामान्य सत्य की तरह जीवन का यह सत्य व्यक्त करता है —
          सब भूल जाते हैं
    केवल / याद रहते हैं
    आत्मीयता से सिक्त
    कुछ क्षण राग के !
     कवि राग यानी अनुराग यानी प्रेम को याद रखने की बात कहते हैं। ‘राग’ को छंद और ध्वन्यात्मक लय से भी जोड़ा जा सकता है। राग जीवन में दुर्लभ होता है, खास कर के समकालीन जीवन में, इसीलिए तो कवि उसे याद रखने का विषय समझता है।
     इस संकलन में अनेक ऐसे गीत हैं, जिनके आधार पर महेंद्रभटनागर जी को याद रखा जा सकता है। उनमें सफल अभिव्यक्ति है। एक गीत है ‘जिजीविषा’। कवि कहता है —
          अचानक
    आज जब देखा तुम्हें
    कुछ और जीना चाहता हूँ!
     पारस्परिक आकर्षण और प्रेम से जीने की इच्छा बढ़ती है और शायद जीने की शक्ति भी। जब आदमी अपने प्रिय पात्र को देखता है, तो जि़न्दगी के दाह के बावजूद कवि कहता है —
          विष और पीना चाहता हूँ!
    कुछ और जीना चाहता हूँ!
     जब अकेलापन दूर हो जाता है, तो जिजीविषा मज़बूत होती है। यह एक श्रेष्ठ भावना है, जो कविता को श्रेष्ठ बनाती है।
     इस संकलन की कविताएँ विविध प्रसंगों के साथ विविध प्रकार से विविध अदाओं में प्यार की भूमिका, प्यार की महत्ता, और प्यार की शक्ति महसूस कराती हैं। एक जगह कवि कहता है —
याद आता है
    तुम्हारा रूठना!
     इसके जरिये कवि जीवन के अनेक प्रसंग कवि को याद आते हैं। प्यार की अभिव्यक्ति स्मृति के रूप में आती है। जाहिर है कि वर्तमान जीवन में प्यार का अभाव है। कवि कहता है कि प्यार की स्मृति आगे जीने का सहारा बनता है। प्यार की स्मृति में भी जीवनी शक्ति है —
          शेष जीवन
    जी सकूँ सुख से
    तुम्हारी याद काफ़ी है!
     यह है प्यार की स्मृति की शक्ति। कवि के लिए प्यार बहुत व्यापक है। मनुष्येतर प्राणी  भी प्यार का साधन  है —
          गौरैया हो
    मेरे आँगन की
    उड़ जाओगी!
     यद्यपि गौरैया यहाँ रूपक है, फिर भी वह प्रेम का आलम्बन भी है। कवि को इस बात का अनुभव है कि जीवन आमतौर से दुःखद है और आदमी सुख पाने के लिए तरसता रहता है। ज़रूरी नहीं कि वह सुख भौतिक साधनों से ही मिले। वह किसी का प्यार पाने से भी मिलता है —
          क्या-क्या न जीवन में किया
    कुछ पल तुम्हारा प्यार पाने के लिए!
     इस सम्पूर्ण संकलन की कविताएँ तरल और सुखद प्रेम की भावुकता से लबालब भरी हुई हैं। एक गीत है ‘रात बीती’, उसकी प्रारम्भिक पंक्तियाँ हैं —
          याद रह-रह आ रही है
    रात बीती जा रही है!
     याद आती है रात में, अँधेरे में, शायद प्रेम और स्मृति के लिए अँधेरे का एकांत अधिक उपयुक्त होता है, लेकिन रात बीतती भी है यानी प्यार की स्मृति का समय स्थायी नहीं होता। ‘रह-रह याद ’ आने में एक प्रकार की असंगति है। पाठक यह सोच सकता है कि रात बीत जाने के बाद यादों का क्या हो जाता है? इस प्रसंग में यही सोचना चाहिए कि प्रेम लपेटे अटपटे बैन हैं ये। कविता का झुकाव गुज़रे दिनों की ओर है। उपर्युक्त गीत में ही वे लिखते हैं —
          झूमते हैं चित्र नयनों में कई
    गत तुम्हारी बात हर लगती नयी
    आज तो गुज़रे दिनों की
    बेरुखी भी भा रही है!
     यह प्रेम पात्र की विशेषता है कि उसके प्रभाव से विगत बात भी नयी लगती है और गुज़रे दिनों की बेरुखी भी भा रही है। समय की गतिशीलता पर कवि की नज़र है। प्रेम-पात्र के अभाव में ‘मुरझाया-सा जीवन-शतदल’ लगता है। इस अभिव्यक्ति से प्रेम की महत्ता प्रकट होती है।
     रात प्रेम की अभिव्यक्ति का उपयुक्त समय है, इसकी परम्परा भी है। प्रेम केवल भावना नहीं है। वह भौतिक सुख का माध्यम भी है। प्रेमी को लगता है शशि दूर गगन से देख रहा है, जैसे कि रात भी एकांत नहीं रहती। प्रेम का भंडार अथाह है, अक्षय है। रात बीत जाती है,  लेकिन प्रेम-वार्ता ख़त्म  नहीं होती।  इसके बावज़ूद कवि कहता है —
          सारे नभ में बिखरी पड़ती है मुसकान
    पर कितना लाचार अधूरा है अरमान!
     प्रेम की मुसकान का सारे नभ में बिखरा होना — तारों के प्रसंग में अच्छी अभिव्यक्ति है, रोचक कल्पना है। कवि के अरमान इतने ज़्यादा हैं कि अनन्त आकाश में मुसकान बन कर बिखर जाने के बावजूद अरमान अधूरे रह जाते हैं।
     चाँद में कवि के लिए आकर्षण है, लेकिन चाँद तो  आकाश में है। कवि कहता है —
          मुझे मालूम है यह चाँद
         मुझको मिल नहीं सकता,
    कभी भी भूल कर स्वर्गिक
         महल से हिल नहीं सकता।
     कवि कहना चाहता है कि प्यार तर्क का विषय नहीं है। वह भावना का विषय है, भावुकता में बुद्धि-विवेक स्थगित हो जाते हैं। यही कारण है कि प्रेमिका उजड़ी फुलवारी को भी बडे़ जतन से सजाती है। असल में कवि प्रेम को सदाबहार मधुमास और बरसात समझता है। प्रेम भावना के साथ विश्वास का भी विषय है, इसीलिए विश्वास भी तर्क का विषय नहीं है। तर्क विश्वास को खंडित कर सकता है, अतः वहाँ तर्क की ज़रूरत नहीं होती।
     प्रेम कविता का शाश्वत विषय है। इसीलिए इस बात की गुंजाइश वहाँ कम ही होती है कि नये प्रसंग, नये संदर्भ और अभिव्यक्ति की नयी भंगिमा आये। यह बात महेंद्रभटनागर के गीतों पर भी लागू है।
     हिंदी-गीत ने विकास के क्रम में परिवर्तन के अनेक दौर देखे हैं, जैसे नवगीत, जनगीत आदि। महेंद्रभटनागर जी परिवर्तन की इस प्रक्रिया से अप्रभावित अपनी गति से चलते रहे हैं। इनकी भाषा-भंगिमा भी रूमानी गीतों वाली है। यही कारण है कि ये गीत आलोक, चाँद, घन, दीपक, स्वप्न, आदि प्रतीक बन कर बार-बार आते हैं।
     यह प्रवृत्ति विगतकाल होने के कारण गतिशील इतिहास द्वारा ही उपेक्षित हो जाती है। समकालीनता जिनमें नहीं है, शाश्वतता है, जब कि काव्य-धारा में शाश्वत कुछ भी नहीं होता।
     आलोचक आम तौर से समकालीन और आधुनिक को पहचानने की कोशिश करता है। वह रचना के यथार्थ के चरित्र को पहचानने की कोशिश करता है। इसीलिए गतानुगतिक प्रवृत्तियाँ उपेक्षित रह जाती हैं, और ऐसा होना स्वाभाविक है।

*** 110, बलवन्तनगर, गाँधी रोड, ग्वालियर — 474 002 (म॰ प्र॰)
फ़ोन : 0751-4092908
E-Mail : drmahendra02@gmail.com